गांव गोगवान में दुकान की रंजिश को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। जिसमें दोनों पक्षों के तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
कैराना क्षेत्र के गांव गोगवान निवासी तौसीफ और इसरार पक्ष के बीच काफी दिनों से परचून की दुकान को लेकर रंजिश चल रही है। वह दोनों गांव में ही परचून की दुकान करते हैं। रविवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों पक्षों के लोगों के बीच गाली-गलौज हो गई और वह आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार चले। संघर्ष में एक पक्ष के तौसीफ, साबिर, फरीदा व ताहिरा तथा दूसरे पक्ष से अनवरी घायल हो गईं। संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है।