कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव झाल में बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने किसान को गोली मार दी। परिजनों ने घायल किसान को शामली के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया गया। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव झाल निवासी रामप्रसाद उर्फ लाल्ला (50) बुधवार रात करीब सवा नौ बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और रामप्रसाद से बोले कि हमें कांधला जाना है, यहां से कौन सा रास्ता है। इस पर रामप्रसाद ने कहा कि झाल गांव से कोई रास्ता कांधला के लिए नहीं जाता है। इसके बाद जैसे ही रामप्रसाद अपने घर के अंदर जाने लगा, तो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया। रामप्रसाद को कमर में गोली लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद बाइक सवार दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो रामप्रसाद लहूलुहान हालत में मिला। इसके बाद परिवार के लोग घायल को लेकर शामली स्थित अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना पर कोतवाली शामली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कराने में जुट गई। उधर, घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद घायल रामप्रसाद को मेरठ रेफर कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, मामले की जांच की जा रही है।