फतेेहपुर। घाटमपुर चौडगरा मुगलमार्ग हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे खलासी को मंगलवार रात कुचल डाला। हादसे में खलासी की मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने बुधवार को परिजनों को खबर दी है।
कानपुर देहात डेरापुर थाना क्षेत्र के भूपतियापुर गांव निवासी उमाशंकर का बेटा राजू (30) ट्रक में खलासी था। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बकेवर रोड पर ढाबे के पास रात मेें चालक ने ट्रक रोका। उस दौरान खलासी ट्रक से उतरकर हाइवे पार लघुशंका करने जा रहा था। तभी चौडगरा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खलासी राजू को कुचल दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से खलासी को गोपालगंज पीएचसी में भर्ती कराया। उसे जिला अस्पताल को रेफर किया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ अरविंद सिंह गौर ने बताया कि परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जाएगी।
स्वेटर न दिलाने पर विवाहिता ने दी जान
थरियांव। नव विवाहिता ने मंगलवार की रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। उन्होंने दहेज के खातिर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सराय डडीरा गांव के मजरे पथरी निवासी फुद्दा पासवान की बेटी संतरेखा (22) की शादी दो साल पहले थरियांव थाने के लक्ष्मी नारायणपुर निवासी श्यामू उर्फ राम पासवान के साथ हुई थी। श्यामू गांव में खेती किसानी से परिवार का भरण पोषण करता था। पति श्यामू ने बताया कि उसके पास खाद खरीदने के लिए रुपये थे। पत्नी संतरेखा ने स्वेटर दिलाने को कहा था। उसने स्वेटर बाद में खरीदने का भरोसा दिलाया था। इसी बात से पत्नी नाराज हो गई थी। उसने अनाज में रखी जहरीली गोली खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टर ने उसेेमृत घोषित कर दिया।
संतरेखा के भाई श्यामबाबू ने रात करीब 12 बजे पुलिस को खबर दी। चार माह पहले संतरेखा को प्रसव हुआ था। नवजात की मौत हो गई थी। श्यामबाबू ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुरालीजन दहेज के खातिर प्रताड़ित करते थे। पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई करेंगे। एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।