अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना। गांव हरिनगर बिडौली में हुई मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस हवा में तीर चला रही है। चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ इस हत्याकांड में कोई अहम सुराग नहीं लग सके है। हालांकि पुलिस एक-दो दिन में घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
गांव हरिनगर बिडौली में चार दिन पूर्व घर में कमला और उनकी बेटी सोनू की गला घोट कर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे दोनों के शव बोरों में भरकर ले जा रहे थे। पड़ोस की महिला के शोर मचाने पर शवों को बीच सड़क में फेंककर हत्यारे फरार हो गए थे। एसपी अजय कुमार ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था। इस केस में फिगर प्रिंट एक्सपर्ट के अलावा सर्विलांस टीम और स्वाट टीम को लगाया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुबूत पुलिस के हाथ नहीं लगा है। स्वाट टीम प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया की कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। सर्विलांस और आसपास के ग्रामीणों से जानकारी के आधार पर कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है। कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। एक-दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।