कैराना। दूसरी महिला को घर लाने का विरोध करने पर आरोपी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को तीन बार तलाक कह दिया। यही नहीं, उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी दामाद के विरुद्घ कार्रवाई की मांग की है।
जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के ग्राम बाढ़ीमाजरा निवासी हाजी नासिर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि चार वर्ष पूर्व उसने अपनी पुत्री सादमा की शादी कैराना के मोहल्ला आलकलां निवासी युवक के साथ की थी। शादी के बाद बेटी ने दो बच्चों को जन्म दिया। घटना शुक्रवार दोपहर 2 बजे की है, उसकी पुत्री अपनी ससुराल में थी। तभी दामाद दूसरी महिला के साथ वहां पहुंचा, जिसका उसकी पुत्री ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर दामाद ने उसकी पुत्री को तीन बार तलाक कह दिया। उसके साथ मारपीट भी की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। पुत्री ने उसे फोन पर घटना की सूचना दी, जिस पर वह यहां पहुंचा। उसने बताया कि उसकी पुत्री गर्भवती भी है, जिसकी जानमाल का उसे खतरा सता रहा है। उसने आरोपी के विरुद्घ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।