दिनदहाड़े एसपी बंगले के पास ठेकेदार को लूटा
शामली। पुलिस अधीक्षक आवास से कुछ दूरी पर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने बिजली ठेकेदार से बाइक और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। उधर, कोतवाली पुलिस ने खेल करके मामले में चोरी में दर्ज कर डाला।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊंचागांव निवासी सुभाष शर्मा बिजली विभाग में ठेकेदार है। बताया जाता है कि बुधवार को वह शामली में आया हुआ था। दोपहर करीब एक बजे वह अपने गांव नहर पटरी के रास्ते लौट रहा था। जब वह एसपी आवास से कुछ आगे पहुंचा, तो वहां पर खड़े तीन बदमाशों ने उसको रोक लिया। बदमाशों ने उसको तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए उससे बाइक और पांच हजार रुपये तथा मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उधर, कोतवाली पुलिस ने मामले में खेल करते हुए लूट की वारदात को चोरी में दर्ज करा दिया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना से इंकार किया है।