शामली। बैंक से रुपये निकालकर घर जाते समय युवक के थैले से चोर ने 50 हजार उड़ा लिए। पीड़ित ने कोतवाली शामली में तहरीर देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी व रुपये की बरामदगी की मांग की है।
शहर के कृष्णानगर निवासी ओमकार पुत्र महेंद्र सिंह शुक्रवार को मार्श गंज मंडी स्थित बैंक शाखा से रुपये निकालने गया। रुपये निकालने के बाद जब वह बैंक से बाहर आया, तो कुछ दूर चलने पर एक युवक पहुंचा। ओमकार से कहा कि तुम्हें ज्यादा पैसे मिल गए हैं, बैंक कर्मी बुला रहे हैं।
बैंक शाखा पहुंचने पर ओमकार के थैले से रुपयों की गिनती कराने लगा। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। जब ओमकार घर पहुंचा, तो थैला खाली था। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ओमकार ने बताया कि जिस युवक ने थैले से रुपये चोरी किए हैं, उसका चेहरा बैंक में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है।