कांधला। नगर पंचायत एलम में आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रमाणपत्र जारी नहीं करने से क्षुब्ध एक युवक ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित कर्मचारी ने चेयरमैन के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर पंचायत एलम में संदीप कुमार पालिका कर्मचारी है। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत कार्यालय में कस्बा निवासी एक युवक अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए पालिका सभागार में प्रमाणपत्र लेने पहुंचा। कर्मचारी ने उसको बताया कि नियम के अनुसार वे जब तक अपना पूरा भवन कर जमा नहीं करते, तब तक उनका आधार प्रमाणपत्र नहीं बनाया जा सकता। इसी बात से क्षुब्ध होकर उक्त युवक ने कार्यालय में ही उसके साथ मारपीट कर दी। शोरशराबा होने पर कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह से कर्मचारी को युवक के चंगुल से छुड़ाया। सूचना पर चेयरमैन डॉक्टर दीपा पंवार भी मौके पर पहुंच गईं। जिसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। बाद में चेयरमैन ने कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।