किशोरी को चार युवकों ने बहाने से बुलाकर कार में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। किशोरी ने परिवार के सदस्यों के घर लौटने पर आपबीती सुनाई। घटना को सुनकर परिवार के सदस्य परेशान हो उठे। लोकलाज के डर से परिवार के सदस्यों ने पहले इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की। इसके बाद इस मामले में परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी के परिजन 30 अप्रैल को काम पर गए हुए थे। घर पर उनकी छोटी बेटी अकेली थी। आरोप है कि मोहल्ला निवासी सचिन पुत्र लक्ष्मण घर आया और किशोरी से कहा कि तुम्हारी मां ने जरूरी काम से तुमको बुलवाया है। इसके बाद किशोरी उसके साथ चली गई। आरोपी किशोरी को नहर पर ले गया, जहां पर एक कार खड़ी थी। मौके पर पहले से ही सचिन के साथी बंशी, अन्नू और गोरक्ष मौजूद थे। उन चारों ने मिलकर किशोरी को जबरन कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी की चीखपुकार कार से बाहर न जाए, इसके लिए आरोपियों ने किशोरी का मुंह भींच लिया और कार के शीशे बंद कर लिए। गैंगरेप करने के बाद आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों को किशोरी ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर कोतवाली में पहुंचे तथा घटना के बारे में बताया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया है। उधर, कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।