लावारिस बाइक मिली
कांधला। कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड के निकट आनन्द सिनेप्लैक्स पर पांच दिन से एक बाइक लावारिस अवस्था में खड़ी थी। पहले तो सिनेमा कर्मचारियों ने समझा कि शायद कोई भूल से बाइक छोड़ गया, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई बाइक को लेने नहीं आया तो उन्होंने दुकानदारों से बाइक के बारे में पूछताछ की। बाइक के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर सिनेप्लैक्स के मैनेजर सुमित ने मामले की जानकारी डायल 100 पर दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
युवक से जमकर मारपीट
झिंझाना। गांव मछरौली निवासी सोनू ने सोमवार को थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया की वह अखबार का हॉकर होने के साथ पैठ बाजार में सब्जी बेचने का काम करता है। रविवार को वह गांव में लगी पैठ बाजार में सब्जी बेच रहा था। गांव के दो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आए परिजनों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपी पक्ष ने भी इनके खिलाफ तहरीर दी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।