मोबाइल को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। मोबाइल टूटने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्ष लाठी लेकर आमने सामने आ गए। इस दौरान जमकर संघर्ष हुआ। दोनों पक्षों से चार महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।
कस्बे के मोहल्ला ईदगाह निवासी वसीम पुत्र यासीन बुधवार को ही नया मोबाइल लेकर आया था। वसीम पक्ष का आरोप है कि मोहल्ले के ही दूसरे युवक नसीम ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। जिसके बाद दोनों में कहासुनी मारपीट हो गई। उस समय तो आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। इसके कुछ देर बाद ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में संघर्ष शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें व ईंटों से प्रहार करने के साथ लाठी चली। मारपीट में एक पक्ष से यासीन पुत्र शमसुदीन, अनीश, शमीम, वसीम पुत्र यासीन, वकीला पत्नी यासीन घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से रीना पुत्री महबूब, गुलिस्ता पुत्री महबूब व वसीला पत्नी नसीम घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचनी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव करते हुए घायलों को उपचार के लिए भेजा। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि अभी दोनों पक्षों के घायलों का उपचार कराया जा रहा हैं। रात तक किसी पक्ष की तहरीर थाने में नहीं आई थी। हालांकि, पुलिस अपनी जांच में जुटी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण
चार महिला सहित आठ घायल, पुलिस ने घायलों को सामुदायिक चिकित्सालय में कराया भर्ती