ट्रांसपोर्टर को जान से मारने की धमकी दी
थानाभवन। एक ट्रांसपोर्टर को जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर एक आरोपी के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला मोहम्मदीगंज निवासी अहसान पुत्र इस्लाम ने चौकी इंचार्ज पवन सैनी को तहरीर देते हुए बताया कि दो दिन से उसे एक नंबर से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। आरोप लगाया कि पहले तो आरोपी फोन कर उसके साथ गालीगलौज करते हैं। साथ ही उक्त लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। इतना ही नहीं ट्रांसपोर्टर ने उनसे फोन पर डेढ़ लाख रुपये देने का भी आरोप लगाया है। बताया कि वह दो मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता है और आरोपियों के पास उसके दोनों नंबर हैं, जिन पर उसे धमकी दी जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि जिस नंबर से धमकी भरे फोन आए हैं, वह नंबर झिंझाना के कुरेशियान मोहल्ले में चल रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने झिंझाना में आरोपियों के ठिकाने पर छापा मारा तो दोनों मौके से फरार हो गए, हालांकि इस दौरान पुलिस को एक आरोपी का भाई हाथ लग गया। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि मामला गालीगलौज करने से जुड़ा है।