जरायम की दुनिया में साइबर क्राइम बेटियों को बड़ी चोट दे रहा है। गुनहगार न सिर्फ गुनाह कर रहे हैं, बल्कि शौक से इस गुनाह को सोशल साइट पर अपलोड या फिर वायरल भी कर रहे हैं। भले ही अपनी इस गलती से वह स्वयं सीधे तौर पर फंस रहे हों, लेकिन उनके इस कृत्य से बेटियों की इज्जत सरेआम नीलाम हो रही है। शामली में पिछले कुछ दिनों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं।
केस एक - कई माह पूर्व थानाभवन निवासी एक महिला की उसके पति ने कुकर्म की वीडियो बना ली थी और उसके बाद उसको फेसबुक पर लगातार धमकी दी गई, पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को की थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी।
केस दो - कैराना एक मोहल्ला में दो युवकों ने किशोरी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। इस दौरान दोनों आरोपियों ने उसकी वीडियो क्लिप बना ली थी और उसके बाद उसको सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। तब से किशोरी गुमशुम है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
केस तीन - कोतवाली क्षेत्र के गांव लिसाढ़ में किशोरी के साथ दुष्कर्म और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बना ली। उसके बाद आरोपी उसको ब्लैकमेल करने लगा, जब किशोरी नहीं मानी तो आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो को वायरल कर दिया। बाद में परिजनों ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
केस चार - दो दिन पूर्व एक किशोरी को उसके दोस्तों ने होटल में बुलाया तथा उसके साथ छेड़छाड़ की। दोनों शोहदों ने उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली तथा अब सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाने लगी। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सके है।
--- कोट
जो भी मामले संज्ञान में आए है उनमें रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की गई है, किसी भी सूरत में ये हरकत बर्दाश्त नहीं जाएगी - जगदीश शर्मा, एएसपी।