पालिका बाजार में पड़ा मिला वृद्ध का शव
कैराना। शामली रोड पर स्थित पालिका बाजार में अधेड़ का शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद पता चला कि मृतक थाना दोघट के गांव टीकरी का निवासी था। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
रविवार दोपहर दो बजे पालिका बाजार में दुकानदारों ने 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा, तो इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। शव के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान एक दुकानदार ने पुलिस को बताया कि मृतक शायद तीतरवाड़ा का रहने वाला था। किला गेट चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आसपड़ोस के लोगों ने बताया कि सुबह दस बजे उक्त व्यक्ति मार्केट में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक वह वहीं पर गिर पड़ा। इससे प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत हार्टअटैक से हुई हो। वहीं, बाद में तीतरवाड़ा के ग्राम प्रधान से फोन पर मृतक के बारे में जानकारी ली गई, जिसके बाद गांव से कश्यप समाज के कुछ लोग आए । उन्होंने बताया कि मृतक की तीतरवाड़ा में दूर की रिश्तेदारी है। कभी कभार उनके घर पर आता था। तीतरवाड़ा निवासी रिश्तेदार ने मृतक के परिजनों को बागपत जिले के टीकरी कस्बे में फोन पर सूचना दी। बाद में मृतक का भाई इंद्रपाल और अन्य परिजन कैराना पहुंचे। बताया कि मृतक का नाम सहंसरपाल था वो अविवाहित था। एक माह पूर्व वह घर से बिना बताए चला गया था। बाद में परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।