शांतिभंग की आशंका में छह आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर झगड़ा करने के आरोप में छह लोगों को पकड़ लिया। शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया।
शुक्रवार को इमरान आलखुर्द अपने पड़ोसी तालिब से किसी बात को लेकर झगड़ रहा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी इमरान को गिरफ्तार कर लिया। गांव मामौर में जमील व इकरार पड़ोसी नूरहसन से मकान के गेट को लेकर मारपीट पर उतारू थे। यहां भी पुलिस ने जमील, इकरार व नूरहसन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अहसान व जाहिद निवासी नंगलाराई गांव के ही जुबैर द्वारा मुकदमा लिखवाने को लेकर झगड़ा कर रहे थे। पुलिस ने अहसान व जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। इनके अलावा कांधला बस स्टैंड पर अपने ससुर से पति को भेजने को लेकर झगड़ रहे मोहर सिंह उर्फ मोहन मलकपुर को हिरासत में ले लिया गया। बाद में पुलिस ने उपरोक्त सभी झगड़ालुओं के विरूद्ध शांतिभंग की आशंका में चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया।
नानी व उसकी नाती को पीटा
कैराना। ग्राम बराला निवासी दाऊद ने कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घर पर उसकी सास वकीला निवासी गांव भूरा आई हुई थी। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर लगभग गांव के ही तीन लोग घर में घुस आए और वहां मौजूद उसकी पुत्री मोनिस्ता (सात) के साथ मारपीट करने लगे। जब उसकी सास बचाव में आई, तो डंडों से पीटकर उसे घायल कर दिया। घायल वकीला को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।