महिलाओं से रोजगार के नाम पर हुई ठगी के मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। उधर आरोपी पक्ष लगातार मुकदमे के वादियों को फैसला ना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
महिला प्रशिक्षण संस्थान में नौकरी दिलाने और प्रशिक्षण दिलाकर उनको रोजगार दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपयों की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में दयानंद नगर निवासी महिला डोली की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले को दर्ज हुए दो माह बीतने को है, लेकिन अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस बारे में कई बार कोतवाली में ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने हंगामा किया, बावजूद इसके कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते आरोपियों के हौसले बढ़ रहे हैं। मंगलवार को आरोपी पक्ष ने पीड़िता डोली को मोबाइल पर कॉल कर मुकदमे में फैसला कर लेने तथा ना करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों का साथ उसके ही मोहल्ले का एक व्यक्ति दे रहा है। बुधवार को पीड़िता कई महिलाओं के साथ कोतवाली में पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।