डॉक्टर का मोबाइल फोन लेकर भागा
बाबरी। थाना क्षेत्र में गांव बाबरी में हिरनवाड़ा मार्ग पर दो युवक दवाई लेने डाक्टर के पास पहुंचे। युवक डाक्टर का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
गांव बंतीखेड़ा निवासी डॉक्टर कलीम बाबरी में हिरनवाड़ा मार्ग पर मस्जिद के पास क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार शाम दो युवक क्लीनिक पर पहुंचे। एक युवक हेलमेट पहने था और बाइक लेकर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक क्लीनिक में पहुंचकर बीमारी बताकर दवाई लेने लगा। जैसे ही डाक्टर कलीम दवाई देने के लिए पीछे की तरफ मुड़े, तो युवक ने टेबल पर रखा डाक्टर का मोबाइल फोन उठा लिया और अपने साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इसके बाद डॉक्टर ने डायल 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंची और क्लीनिक के पास एक बिल्डिंग पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने के बाद जांच शुरू कर दी। पीड़ित डाक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
कांवड़ ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मी की शिकायत
शामली। शहर के भिक्की मोड़ पर कांवड़ ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मी बुधवार शाम को ड्यूटी प्वाइंट पर नजर नहीं आए। इसकी शिकायत मिलने पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और टीएसआई भंवर सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का समय समाप्त हो गया था, जिसके बाद उनके स्थान पर दूसरे पुलिसकर्मी ड्यूटी पर आने वाले थे। उन्होंने बताया कि दूसरे पुलिसकर्मियों के आने से पहले ही ड्यूटी प्वाइंट से जाने वाले पुलिसकर्मियों से जवाब लिया जाएगा।