कैराना (शामली)। दाल फैक्ट्री के मालिक से 50 हजार छीनने के मामले में 24 घंटे बाद भी सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी की पहचान न होने पर एएसपी श्लोक कुमार कोतवाली पहुंचे। एएसपी ने बैंक में जाकर फिर से सीसी फुटेज खंगाली। बाद में पीड़ित परिवार से बातचीत करते हुए कॉलोनी में लगे लगभग छह कैमरों से फुटेज निकलवाने के निर्देश दिए। उधर, इस मामले में पीड़ित के पुत्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बृहस्पतिवार को टीचर्स कॉलोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद से घर के गेट के सामने एक बदमाश ने झपट्टा मारकर 50 हजार रुपये की नकदी छीन ली थी। राजेंद्र कुछ देर पहले ही नगर के पंजाब नेशनल बैंक से यह रकम निकाल कर घर पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकाली थी, जिसमें आरोपी बदमाश का चेहरा साफ आ रहा था। पुलिस ने इसके बाद फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया था। आरोपी की फुटेज हाथ लगने के 24 घंटे बाद भी कैराना पुलिस बदमाश की पहचान तक नहीं करा पाई, तो दोपहर करीब दो बजे अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार कैराना कोतवाली पहुंच। इसके बाद पीएनबी शाखा पहुंचे तथा बैंक कर्मियों एवं प्रबंधक से बातचीत कर वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली। एएसपी ने सभी कैमरों की फुटेज में यह भी देखा कि बदमाश बैंक से निकलने के बाद किधर गया और पीड़ित किस तरफ? इसके बाद कॉलोनी से पैदल होकर आसपास के मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को देखते हुए पीड़ित के घर पहुंचे। वहां मौजूद परिवार की महिला से घटना के बारे में जानकारी ली। घर पर कोई पुरुष नहीं था। बाद में वह कॉलोनी में विभिन्न गलियों से होकर मकानों पर सीसीटीवी कैमरों पर नजर दौड़ाई। कॉलोनी में छह कैमरे अलग-अलग मकानों पर लगे दिखे। एएसपी ने पुलिस को निर्देशित किया कि वह सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का जल्द से जल्द खुलासा करें।
उधर, राजेंद्र प्रसाद के पुत्र प्रवीण कुमार मित्तल ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया उसके पिता ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश को पहचान लिया है।