थानाभवन (शामली)। क्षेत्र के एक गांव में छात्रा से छेड़छाड़ करने और विरोध पर मारपीट करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
घटना 26 जनवरी को हुई थी। कक्षा-12वीं की छात्रा सहेलियों के साथ कॉलेज से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक और उसके साथियों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी थी और विरोध करने पर मारपीट की थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने पर भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को थानाभवन थाना पुलिस ने आरोपी अंशुल पुत्र तेज सिंह ग्राम अलीपुरा थाना चरथावल (मुजफ्फरनगर) कस्बा थानाभवन में चरथावल बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है, अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।
खेत पर जा रहे भाई-बहन को पीटा
थानाभवन (शामली)। क्षेत्र के गांव मोर माजरा में खेत पर जा रहे भाई बहन के साथ गांव के ही एक युवक ने गाली गलौज का विरोध करने पर मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष से नरेश ने शुक्रवार दोपहर थानाभवन थाने पर पहुंचकर तहरीर दी। नरेश ने बताया कि उसका पुत्र रवि और पुत्री रूबी शुक्रवार सुबह खेत पर जा रहे थे, तभी गांव के ही प्रवीण ने उनके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रवीण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत का ट्रांसफार्मर चोरी
थानाभवन (शामली)। कस्बा जलालाबाद के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने थानाभवन थाने पर तहरीर देकर बताया कि नगर पंचायत जलालाबाद में लगा 400 केवीए का मोबाइल ट्रांसफार्मर विगत 11 जनवरी चोरी कर लिया गया। अधिशासी अधिकारी ने चोरों को गिरफ्तार कराकर ट्रांसफार्मर बरामद कराने की मांग की है।
चेकिंग अभियान में चालान काटे
थानाभवन(शामली)। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऊन तिराहा, चरथावल बस स्टैंड, कादरगढ़ चौकी और थाने के सामने वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग में एक दर्जन से ज्यादा वाहनों के चालान काटे गए तथा 1700 रुपये समन शुल्क वसूला गया। चेकिंग करने में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, आज्ञाराम, धर्मेंद्र, रितु त्यागी और सुशील आदि मौजूद रहे।