इकराम एनकाउंटर पर लोगों ने उठाए सवाल
कैराना (शामली)। इकराम उर्फ टोला के एनकाउंटर पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। कैराना के मोहल्ला छड़ियान में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बड़ौत में केला बेचने वाले इकराम को पुलिस ने बदमाश बताकर मार दिया, जबकि वह अपराध भी नहीं कर रहा है। वहीं, लोगों के बीच पहुंचे क्षेत्रीय विधायक नाहिद हसन ने कहा कि निर्दोष लोगों का साथ दिया जाएगा।
पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात कैराना में बाईपास पर मुठभेड़ के दौरान इकराम उर्फ टोला को मार दिया था। इकराम उर्फ टोला मूलरूप से कैराना के मोहल्ला छड़ियान का रहने वाला था, जबकि 15 साल पूर्व वह परिवार सहित बड़ौत में जाकर बस गया था। कैराना स्थित अपना मकान भी वह बेचकर चले गए थे। हालांकि उसके खानदान के लोग अब भी मोहल्ला छड़ियान में ही रहते हैं। उधर, शनिवार रात करीब आठ बजे मोहल्ला छड़ियान में इकराम टोला के पैतृक आवास के पास कुछ लोगों की बैठक हुई। उसमें लोगों का कहना था कि इकराम बेकसूर था, वह अपराध भी नहीं कर रहा था और बड़ौत में केले की ठेली लगाकर अपने परिवार को पाल रहा था। इसके बावजूद इसके पुलिस ने उसको बदमाश बताकर एनकाउंटर में मार दिया। किसी निर्दोष को इस तरह बदमाश बताकर मारना ठीक नहीं है। वहीं, इस दौरान कैराना से सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन भी लोगों के बीच पहुंचे और उनकी बात सुनने के बाद कहा कि पीड़ित परिवार यदि न्याय के लिए लड़ाई लड़ता है, तो उसका पूरा साथ दिया जाएगा। इस दौरान काफी लोग मौजूद रहे।