कैराना। एक युवक ने धोखाधड़ी कर ट्रक चालक के बैंक खाते से 56 हजार रुपये निकाल लिए। गांव जहानपुरा निवासी सद्दाम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका पीएनबी में खाता है। वह ट्रक चालक है। तीन माह से वह ट्रक लेकर दूसरे शहर गया हुआ था। बृहस्पतिवार को उसने बैंक जाकर अपने खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि किसी ने उसके खाते से 56 हजार रुपये निकाल लिए। उसने जब बैंक अधिकारियों से पूछा तो बताया गया कि उसने निकासी फार्म पर अंगूठा लगा रखा है, जबकि वह अपने हस्ताक्षर करता है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
देहरादून से कैराना आ रहा युवक लापता
कैराना। कस्बे की आर्यपुरी देहात बस्ती निवासी अफसर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका शादीशुदा 22 वर्षीय बेटा अरशद देहरादून में कपड़ों की फेरी लगाता है। मंगलवार की रात अरशद देहरादून से कैराना आ रहा था। रात आठ बजे अरशद का फोन आया कि वह सहारनपुर तक आ गया है और रात 11 बजे तक घर आ जाएगा। 11 बजे घर नहीं आने पर उसके मोबाइल पर कॉल की गई तो रिसीव नहीं की गई। सुबह चार बजे तक अरशद के मोबाइल पर घंटी जाती रही। उसके बाद मोबाइल बंद हो गया और अरशद का कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
कोरम पूरा न होने पर बैठक स्थगित
कैराना। गांव भूरा और मोहम्मदपुर राई में खुली बैठक के दौरान कोरम पूरा नहीं होने के चलते दोनों गांवों की बैठक को स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार को गांव भूरा और मोहम्मदपुर राई में खुली बैठक के दौरान राशन की दुकान का आवंटन होना था। दोनों ही गांवों में 20 प्रतिशत से भी कम मतदाता आने के कारण कोरम पूरा नहीं हुआ। इसके चलते दोनों गांवों की खुली बैठकों को स्थगित कर दिया गया।