बच्चों को लेकर हुए विवाद में सगे भाई पर हमला कर उसका हाथ काटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा में 20 जून को बच्चे द्वारा बाइक पर स्क्रेच बना देने के कारण चाचा गुलजमा ने बच्चेे को धमका दिया था। इसी विवाद पर बड़े भाई कल्लू उर्फ सनव्वर ने गुलजमा के दोनों हाथों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में गुलजमा का एक हाथ पूरी तरह कट गया था, जबकि दूसरे हाथ का अंगूठा कट गया था। मामले में गुलजमा की पत्नी चांदबीबी की तहरीर पर आरोपी कल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपी कल्लू को बुटराड़ा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बुटराड़ा में कब्रिस्तान के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया।
सुरक्षा की मांग
बाबरी। क्षेत्र के गांव भंदौड़ा निवासी एक व्यक्ति ने बाबरी थाना प्रभारी समय सिंह को तहरीर देकर बताया कि वह अविवाहित है। अपने दृष्टिहीन पिता के साथ रहता है। आरोप है कि बड़ा भाई उसके हिस्से के मकान पर कब्जा करना चाहता है, जिसके चलते उसके खिलाफ थाने में झूठी तहरीर देता रहता है। पीड़ित व्यक्ति ने सुरक्षा दिलाने और जांच कर कार्रवाई कराने की मांग की है।