शामली। गांव मनटी हसनपुर निवासी राजेंद्र बुधवार को अन्य लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके पिता चंद्रभान की एक जनवरी 2017 को हत्या कर दी गई थी। हत्या की रिपोर्ट गांव के ही ब्रह्म सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। इतना लंबा समय बीतने के बावजूद अब तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। इससे उसके परिवार के लोग दहशत में हैं। राजेंद्र ने बताया कि इस मामले में उन्होंने हाईकोर्ट में भी प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें 25 मई को आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश जारी हो चुका है। इसके बावजूद थानाभवन थाना पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित को कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
रंजिश के चलते घर में घुसकर हमला
शामली। थानाभवन क्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर निवासी उम्मेद ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव का ही कुरबान पक्ष उसके परिवार के रंजिश रखता है। दस दिन पूर्व भी रंजिश के चलते उसके भतीजे नाजिम को पीट दिया था, तब ग्रामीणों ने समझौता करा दिया था। आरोप है कि मंगलवार रात कुरबान पक्ष के लोगों ने उसके घर में घुसकर लाठी डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया और उसके परिवार के कई लोगों को घायल कर दिया। घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के बाद थाने पर तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।