फर्जी आईडी लगाकर बेच दिए 25 लाख के ई-टिकट
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। ऑनलाइन रेलवे टिकट बुकिंग में फर्जी आईडी से लॉगिन बनाने का बड़ा खुलासा हुआ है। शहर में ई-टिकट बुकिंग और पासपोर्ट बनाने का धंधा करने वाले ने 32 लोगों के पहचान पत्रों का दुरुपयोग करके फर्जी यूजर लॉगिन बना लिया और टिकटों की बुकिंग करता रहा। करीब 25 लाख रुपये के टिकट बेच दिए। इस मामले का रेलवे पुलिस द्वारा पड़ताल करने पर इसका खुलासा हुआ है। अब इस मामले में शामली कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगी।
शामली आरपीएफ ने 15 मई 2018 को शहर के नानूपुरा निवासी मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप लगा था कि आरिफ ने एक व्यक्ति के पहचान पत्र का गलत इस्तेमाल करके फर्जी तरीके से ई टिकट बुकिंग की है। आरोपी युवक शामली में अजंता चौक के पास रेलवे टिकट बुकिंग और पासपोर्ट बनाने का धंधा करता था। बाद में आरिफ जमानत पर जेल से बाहर आ गया। उधर, आरपीएफ द्वारा पड़ताल करते हुए इंडिया रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड ( आईआरटीसी) से संपर्क करके रिकार्ड मांगा। 10 सितंबर को आईआरटीसी नई दिल्ली के मैनेजर (आईटी) राकेश कुमार मिश्रा ने वेबसाइट का रिकार्ड खंगालकर जानकारी दी। उसमें बताया कि आरिफ ने 32 लोगों की फर्जी आईडी के आधार पर यूजर और लॉगिन बनाकर ई टिकट बुकिंग कराई। आरपीएफ ने उन लोगों से संपर्क किया, जिनकी आईडी का इस्तेमाल किया गया, तो उनमें कोई शामली का निकला, तो कोई बुलंदशहर और मुंबई का। आरपीएफ के थाना प्रभारी बिजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान 32 लोगों को नोटिस देकर थाने बुलाकर पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि आरोपी आरिफ द्वारा इन लोगों की आईडी का गलत इस्तेमाल किया गया। इसके बाद आरपीएफ थाना प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराया। उन्होंने सीओ सिटी को मामले में कार्रवाई का निर्देश दिए। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
दो सौ रुपये अतिरिक्त वसूलता था आरोपी
आरपीएफ के थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी आरिफ ई टिकट बुकिंग के जरिये मोटी वसूली करता था, जिस टिकट का शुल्क 32 रुपये है, उसके बदले 200 से 250 रुपये तक लेता था। इस तरह से अब तक करीब 25 लाख रुपये के ई टिकट बुकिंग करना प्रकाश में आया है।
-- इन लोगों की आईडी का किया गलत इस्तेमाल
आरोपी आरिफ ने शामली के गांव लिलौन निवासी नीलम शर्मा पत्नी अजय कुमार, बिलाल मिर्जा पुत्र शहजाद गढ़ीपुख्ता, मोहसिन पुत्र तौफीक मौहल्ला कश्यपपुरी गढ़ीपुख्ता, इरफान पुत्र हकीमुदीन निवासी खंदरावली कांधला, नरेंद्र कुमार शर्मा पुत्र मनोहर लाल रुई मिल रेलवे स्टेशन शामली, बुलंदशहर निवासी राजू सहित 32 लोगों की आईडी का गलत इस्तेमाल किया।
-