अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। महिला के फेसबुक एकाउंट पर अश्लील पोस्ट डालने के मामले में आरोपी के घर दबिश देने गई पुलिस पर घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई।
कांधला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने चार दिन पूर्व पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया था कि गांव का ही एक युवक उसके फेसबुक एकाउंट पर अश्लील पोस्ट डालकर परेशान कर रहा है। उसके पति ने आरोपी के घर जाकर विरोध किया, तो उसने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने यह भी बताया था कि आरोपी के परिवार के दो सदस्य यूपी पुलिस में सिपाही हैं। वहीं, बुधवार रात पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी। इसके बाद युवक के परिजनों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर कहा कि महिला की शिकायत पर जांच किए बगैर ही पुलिस ने दबिश दी तथा घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई। उधर, थाना प्रभारी सुनील दत्त का कहना है कि आरोपी युवक ने महिला के फेसबुक एकाउंट पर अश्लील पोस्ट डालकर छेड़छाड़ की थी। महिला की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करने गई थी। घर में तोड़फोड़ करने का आरोप बेबुनियाद है।