छात्र से मोबाइल फोन छीना
थानाभवन। क्षेत्र के गांव मुल्लापुर निवासी छात्र विवेक पांचाल बुधवार दोपहर थानाभवन कस्बा में ट्यूशन पढने के लिए आया था। जब वह घर लौट रहा था, तो दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने विवेक के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। छीनाझपटी में छात्र सड़क पर गिरने से घायल हो गया। इसके बावजूद छात्र ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि छात्र की तरफ से तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बेहोशी की हालत में मिला बुजुर्ग
थानाभवन। जलालाबाद में रेलवे ट्रैक के पास एक बुजुर्ग बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर थानाभवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बुजुर्ग को थानाभवन सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। उसकी जेब से ट्रेन का टिकट मिला, जो थानाभवन से सहारनपुर का है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बुजुर्ग फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं है। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।
दो का शांतिभंग में चालान
थानाभवन। अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने दो युवकों को शांतिभंग की आशंका में चालान कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज गांव हिंड का रहने वाला है, जिसने गांव में ही एक युवक से झगड़ा किया। वहीं, गांव उमरपुर निवासी दीपक को भी पड़ोसी से झगड़ा करने पर गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया गया है।