थानाभवन (शामली)। फसल चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला और युवक को पकड़ा है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी अरुण तायल की दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित शुगर मिल के पास कृषि भूमि है। कुछ दिन से उनके खेत से बार बार गन्ने की फसल चोरी की जा रही थी। इस कारण अरुण कुमार ने अपने नौकर राजेंद्र से खेत पर पहरा दिलवाया। रविवार रात पहरा दे रहे राजेंद्र और उसके एक साथी ने देखा कि कुछ लोग चोरी से गन्ना काट रहे हैं। राजेंद्र और उसके साथी ने शोर मचाया, तो आरोपी अपना रेहड़ा मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने अरुण को इस बारे में सूचना दी। उसने थानाभवन पुलिस को इसकी सूचना दे दी और बताया कि फसल चोरी करने वालों की रेहड़ी खेत पर मिली है। वहीं, सोमवार को लतीफगढ़ निवासी महिला और एक युवक थाने पर पहुंचे और तहरीर देकर बताया कि उनका रेहड़ा किसी ने चोरी कर लिया है। पुलिस को पहले से ही सूचना मिल चुकी थी कि रेहड़ा खेत पर मिला, जिसे फसल चोरी करने वाले लेकर गए थे। इस कारण पुलिस ने महिला और युवक को बैठा लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उक्त लोग ही अपने साथियों के साथ मिलकर गन्ने की फसल चोरी करते थे। मामले में जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
घर में घुसकर युवक को पीटा
थानाभवन। क्षेत्र के गांव मसावी निवासी मोहम्मद गुलबहार पुत्र उमर मोहम्मद ने तहरीर देकर बताया कि गांव के ही इसरार ने उससे 20 हजार रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने पर भी काफी समय से वह रुपये नहीं लौटा रहा था। आरोप है कि रविवार रात भी आरोपी से अपने रुपये मांगे, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित युवक की डाक्टरी कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब पीकर शोर उत्पात मचाना भारी पड़ा
थानाभवन। क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी तीन युवक रविवार शाम पास के ही गांव बाढ़ से क्रिकेट खेलकर अपने गांव लौट रहे थे। तीनों युवकों ने रास्ते में शराब पी और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों के साथ गाली गलौज और मारपीट की। इसके बाद सूच ना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवकों को थाने ले आई। सोमवार सुबह हसनपुर लुहारी के ग्रामीण थाने पर पहुंचे। तीनों युवकों की हरकत पर माफी मांगी। इसके बाद चेतावनी देकर पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया।