लूटपाट के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से रोष
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दो दिन पहले व्यापारी को घायल कर नकदी और चेन आदि लूटने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर व्यापारियों ने रोष व्यक्त किया। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
हनुमान रोड निवासी व्यापारी प्रतीक अग्रवाल और प्रफुल्ल अग्रवाल के साथ शुक्रवार रात कार और बाइक सवार पांच युवकों ने मारपीट की थी। प्रतीक अग्रवाल मारपीट में गंभीर रुप से घायल हो गया था। घटना के समय प्रतीक और प्रफुल्ल रेलवे ट्रैक पर पुल के नीचे अपनी स्कूटी के पास खड़े थे। प्रतीक ने आरोपियों पर 19,300 रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के दो दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। रविवार शाम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल के नेतृत्व में व्यापारी एसपी अजय कुमार से उनके कैंप कार्यालय में पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि दो दिन बाद भी इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। एसपी ने व्यापारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस बीच प्रवीण गोयल, मनोज अग्रवाल, संगीत गोयल, नितिन ऐरन, नरेंद्र अग्रवाल, वेदप्रकाश आर्य, पंकज गुप्ता, अमित मित्तल, दीपक सैनी, सुुधाकर धीमान, सुमित बंसल, विशाल गुप्ता, सुशील गुप्ता, अनुराग गोयल, अमित संगल, अशोक गोयल, मुकेश जिंदल, अमित जैन, अनुज कुमार, धर्मेंद्र कांबोज, प्रदीप गर्ग आदि रहे।