कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एलम बाईपास के निकट रविवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से कैराना निवासी बाइक सवार सराफा व्यापारी विकास वर्मा घायल हो गए। उनको कस्बे के सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कैराना कोतवाली के मोहल्ला गुंबद निवासी सराफा व्यापारी 42 वर्षीय विकास उर्फ विक्की रविवार देर रात एलम में अपने परिचित से मिलने के लिए बाइक से गए थे। विकास के भाई अमित वर्मा ने बताया कि रविवार देर रात विकास बाइक द्वारा एलम से वापस लौट रहा था तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे एलम बाईपास के समीप बड़ौत की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने विकास की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों व पुलिस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर परिजन कांधला थाना पहुंचे।। मृतक के भाई अमित वर्मा ने आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध कांधला थाने पर तहरीर दी है।