कांधला/कैराना। एसपी शामली डॉ. अजयपाल शर्मा के आदेश के पर रविवार को थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान ने कस्बे के ई-रिक्शा चालकों की बैठक थाने परिसर में ली। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान ने कहा कि सभी अपनेे वाहनों पर 100 नंबर लिखवाने के साथ ही स्थानीय थाने का सरकारी नंबर लिखवाएं।
उन्होंने किसी भी संदिग्ध आदमी के दिखने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की। कहा कि कोई भी वाहन चालक अपने वाहन की छत पर सवारी न बैठाएं। इसके बाद उन्होंने समझाया कि कोई भी वाहन चालक चौराहों पर जगह-जगह अपने वाहन न खड़ा करे। चौराहों पर वाहन खड़े करने से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
थाना प्रभारी ने आदेश का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उधर, कैराना में सीओ भूषण वर्मा एवं कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने रविवार को कोतवाली में दर्जनों ई रिक्शा चालकों और फेरी वालों के साथ बैठक की। इसमें सीओ और कोतवाली प्रभारी ने कहा कि ई रिक्शा चालक सवारियों की होड़ में सड़क पर जाम लगाने से बचें। साथ ही बच्चों से ई रिक्शा नहीं चलवाने को चेताया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण और जाम न लगने दें।