42.62 लाख की लागत से होगा श्मशान घाट का निर्माण व सुंदरीकरण
शामली, कैराना। दो साल के इंतजार के बाद अब जाकर यमुना किनारे स्थित श्मशान घाट के निर्माण व सुंदरीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी, पीसीएस मणि अरोड़ा ने पालिका चेयरमैन, जेई के साथ श्मशान स्थल का निरीक्षण किया। निर्माण स्थल की निशानदेही कराने के निर्देश दिए।
जनवरी 2020 में नगर विकास विभाग ने कैराना में श्मशान घाट के निर्माण के लिए 42 लाख का बजट भेजा था। यमुना किनारे स्थित श्मशान की भूमि के लिए ड्रेनेज विभाग से एनओसी सवा साल के इंतजार के बाद मिली थी। उसके बाद श्मशान के निर्माण का टेंडर भी छोड़ दिया था, लेकिन श्मशान का रखरखाव करने वाले कस्बे के कुछ जिम्मेदार लोगों व प्रशासन में श्मशान घाट के निर्माण को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी।
बुधवार को नव नियुक्त ईओ, पीसीएस मणि अरोरा, पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन, व्यापारी राकेश वर्मा, विपुल जैन, सभासद शगुन मित्तल, पालिका जेई सूरज वर्मा आदि मौके पर पहुंचे। श्मशान के मुक्ति द्वार, शवदाह स्थल, शव प्लेटफार्म, शौचालय, फर्श व पानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बाद में अधिशासी अधिकारी ने निर्देश दिए कि जल्द ही हल्का लेखपाल को बुलाकर निर्माण स्थल का सीमांकन कराया जाए।