कोर्ट ने पंजाब जेल से पैंदा को तलब करने के लिए लिखा पत्र
कैराना (शामली)। 2016 में पंजाब की नाभा जेल तोड़कर भागते समय परमिंदर उर्फ पैंदा को कैराना पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों व फर्जी आईडी के साथ गिरफ्तार किया था। मुजफ्फरनगर जेल से पंजाब पुलिस पैंदा को अपने साथ ले गई थी। कैराना में दर्ज मुकदमे में कोर्ट में पेशी नहीं होने पर अदालत ने पंजाब जेल से पैंदा को तलब करने के लिए पत्र लिखा है।
2016 में पंजाब की नाभा जेल से खालिस्तानी आतंकी सहित पांच कैदियों को भगाने के बाद जेल तोड़ने का मास्टर माइंड फॉरच्यूनर गाड़ी से कैराना के रास्ते फरार हो रहा था। कैराना पुलिस ने पैंदा को गिरफ्तार करने के साथ ही गाड़ी से एक एसएलआर रायफल, तीन रायफल, भारी मात्रा में कारतूस व फर्जी आईडी बरामद की थी। परमिंदर उर्फ पैंदा की गिरफ्तारी के कुछ ही दिन बाद पंजाब पुलिस उसे अपने यहां के मुकदमों के कारण पंजाब ले गई थी। बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में परमिंदर उर्फ पैंदा की पेशी की तारीख थी। तारीख पर हाजिर नहीं होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने परमिंदर उर्फ पैंदा को पंजाब की भठिंडा जेल से कोर्ट में तलब करने के लिए पत्र लिखा है।