कुट्टू का आटा खाने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार
कांधला (शामली)। थाना क्षेत्र के गांव में मीमला में उपवास के दौरान कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से एक ही परिवार के सात लोगों की तबियत बिगड़ गई। गंभीर हालत में तीन लोगों को सीएचसी में भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
मीमला गांव में ब्रह्म सिंह के परिवार में उपवास के दौरान परिवार के लोगों ने कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए थे। जिससे परिवार के सात सदस्यों की तबियत बिगड़ गई। ब्रह्म सिंह और उनकी पत्नी ऊषा और भाई लखमी की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया कि उपवास के दौरान कुट्टू के आटे से बनी खाद्य सामग्री खाने के मंगलवार रात को उल्टी, दस्त, पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई थी। परिजनों के मुताबिक परिवार के चार अन्य लोगों के भी हालत बिगड़ने पर प्राइवेट डॉक्टर से उपचार कराया जा रहा है। मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मीमला में कुट्टू का आटा खाने से 3 लोगों की हालत खराब हो गई थी। तीनों लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा कर उपचार कराया जा रहा है। उपचार के बाद तीनों लोगों की हालत में सुधार है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने भी उपवास रखने वाले लोगों को सावधानीपूर्वक खाद्य सामग्री का प्रयोग करने की सलाह दी है।