जिला अस्पताल में करोना की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी । संवाद
शामली। जिला अस्पताल में संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की कोरोना की जांच शुरू हो गई है। दूसरे दिन तीन मरीजों की जांच हुई, हालांकि अभी तक कोई पॉजिटिव नहीं आया है। अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को फेस मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए जागरूक किया जा रहा है।
देश व प्रदेश में कोरोना के केस लगातार सामने आ रहे हैं। इसे लेकर शासन ने सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने और जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल में दो दिन से कोरोना की जांच की जा रही है। पहले दिन तीन मरीजों की जांच हुई। दूसरे दिन भी लक्षण वाले तीन मरीजों की जांच की गई। सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि अस्पताल में तेज बुखार, खांसी आदि लक्षण वाले मरीजों की कोरोना की जांच कराई जा रही है।
अभी तक कोई मरीज कोरोना पाॅजिटिव नहीं आया है। उन्होंने बताया कि लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और फेस मास्क लगाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे कोरोना से घबराएं नहीं, लेकिन सजग रहें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें। बार-बार हाथ धोएं और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। जिला अस्पताल में उपचार की व्यवस्था है।