कैराना में पानीपत बाइपास पर सड़क में बने गड्ढे।
- फोटो : SHAMLI
कैराना। पानीपत बाईपास से कांधला तिराहे तक करीब दो किलोमीटर तक खस्ताहाल पड़ी सड़क का निर्माण दो विभागों के बीच फंसकर रह गया है। नगरपालिका और लोकनिर्माण विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ने में लगे हैं। स्थिति यह है कि सड़क में बने गहरे गड्ढों के कारण चलना मुश्किल हो गया है।
पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। पानीपत बाईपास से कांधला तिराहे तक दो किलोमीटर सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। गड्ढों से बचने के लिए वाहन गलत दिशा से गुजर रहे हैं। 20 सितंबर के अंक में अमर उजाला में पानीपत खटीमा राजमार्ग के गड्ढे बने जानलेवा खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। कैराना एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर को दो दिन में सड़क के गड्ढे भरवाने के निर्देश दिए थे। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। लोकनिर्माण विभाग और नगरपालिका परिषद कैराना सड़क में गड्ढे भरवाने के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। दोनों विभागों के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर गड्ढे भरवाने से बच रहे हैं।
--------------
क्या बोले अधिकारी
लोक निर्माण विभाग से मार्च 2015 में पानीपत बाईपास से कांधला तिराहे तक डिवाइडर निर्माण, विद्युत पोल हटवाने के लिए नगरपालिका परिषद कैराना ने लिखित एग्रीमेंट किया था। उस समय सड़क की मरम्मत को नहीं कहा गया था। डिवाइडर निर्माण को साढ़े पांच साल हो गए हैं, अब मरम्मत लोक निर्माण विभाग कराएगा। - हेमराज पुंडीर, ईओ, नगर पालिका कैराना।
-----------
- पानीपत बाईपास से कांधला तिराहे तक नगरपालिका ने सड़क के बीच डिवाइडर बनाया था। पांच साल तक सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी नगरपालिका परिषद की है। नगरपालिका सड़क को ठीक कराकर लोक निर्माण विभाग को सौंप दें। - विपिन कुमार जैन, एई, पीडब्ल्यूडी, शामली।
----------
कोट....
लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका दोनों को निर्देश दिए गए हैं कि वह आपस में बात करके जल्द सड़क को गड्ढा मुक्त कराएं। - उद्भव त्रिपाठी, एसडीएम कैराना।
--------------