कैराना (शामली)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मोहल्ला कायस्थवाड़ा से दबिश देकर एक युवक को उठाया है। युवक का नाम दिल्ली में हथियार सप्लाई के मामले में आया है।
क्षेत्र में कई बार हथियार बनाने की फैक्टरियां पकड़ी गईं हैं। कई बार दूसरे प्रदेशों में हथियारों की पकड़ी जाने वाली खेप में भी कैराना का नाम सामने आता रहा है। रविवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम कोतवाली पहुंची। यहां पर टीम में शामिल एसआई मुकेश कुमार ने कोतवाली में आमद दर्ज कराई। टीम एक बदमाश को भी अपने साथ लेकर आई थी, जिससे दिल्ली में तमंचे बरामद किए गए थे। उसी से पूछताछ के आधार पर दिल्ली पुलिस ने कैराना में दबिश दी। आरोपी ने दिल्ली पुलिस को बताया था कि उसने कैराना निवासी युवक से तमंचे खरीदे थे। टीम ने अपने साथ लाए बदमाश के आपराधिक रिकार्ड भी जानकारी की। बाद में टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कस्बे के मोहल्ला कायस्थवाड़ा में दबिश दी। यहां से एक युवक को हिरासत में ले लिया। टीम उसे अपने साथ दिल्ली ले गई है। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि दिल्ली पुलिस से टीम आई थी। यह टीम एक युवक को अपने साथ ले गई है।