संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले को जल्द ही अपना नवीन जिला होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय मिलने जा रहा है। शासन ने इसके निर्माण के लिए तीन करोड़ 15 लाख 93 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर अवमुक्त कर दी है। अब निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो चुका है और अगले पंद्रह माह में इसे पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे स्थित गोहरनी गांव के जंगल क्षेत्र में करीब एक हजार वर्ग मीटर भूमि को जिला होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय के लिए आरक्षित किया गया है। इस भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। शासन ने निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सिडको को सौंपी है। सिडको के सहायक अभियंता राहुल सैनी ने बताया कि मुख्य भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा करने का लक्ष्य है।
यह बनेगा नए कार्यालय में
नए भवन में सिर्फ कार्यालय ही नहीं, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए कई कक्ष बनाए जाएंगे। इनमें मुख्य कार्यालय भवन, गैराज, मीटिंग रूम, स्टाफ रूम, जिला कमांडेंट कक्ष, दो निरीक्षक कक्ष, कर्मचारी कक्ष, चहारदीवारी, शौचालय व बाथरुम, गेस्ट रूम, लॉबी शामिल हैं। इन सभी व्यवस्थाओं के साथ नया कार्यालय जिले के होमगार्ड विभाग को एक व्यवस्थित और स्थायी आधार देगा।
- ढाई साल से चल रहा अस्थायी दफ्तर
गौरतलब है कि जिला बनने के बाद से ही होमगार्ड विभाग को स्थायी कार्यालय की दरकार थी। फिलहाल तहसील कर्मचारी आवासों में अस्थायी रूप से जिला होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय संचालित हो रहा है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को यहां लंबे समय से दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।