कांग्रेस का जागरूकता अभियान आज से शुरू
शामली। जिला और शहर कांग्रेस केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों का उठाकर जनता को जागरूक करेगी। पार्टी ने छह नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक जन जागरण अभियान की घोषणा कर दी है।
मंगलवार को शहर के बुढ़ाना रोड विश्वकर्मा नगर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा के कैंप कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य सुशील चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष वैभव गर्ग ने बताया कि छह और सात नवंबर को केंद्र और प्रदेश सरकार के आम नागरिकों किसानों, मजदूरों की नीति का ब्लाक, तहसील कचहरी और शिक्षण संस्थाओं सरकार विरोधी पर्चा वितरित करेंगे। आठ - नौ नवंबर को आर्थिक मंदी और सरकारी नीतियों के विरोध में नुक्कड़ सभाएं जिला, ब्लाक, वार्ड स्तर पर होगी। दस नवंबर को बेरोजगारी के खिलाफ बर्तन के साथ जिले के मुख्य बाजारों में प्रदर्शन करेंगे। 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस और मौलाना अब्दुल कलाम आजाद की जयंती पर कार्यक्रम शिक्षण संस्थानों में महंगी शिक्षा निजीकरण, बेरोजगारी के सवाल पर वार्ता, 12-13 नवंबर को किसानों की समस्याओं को लेकर सुनवाई, अन्नदाताओं की चौपाल, बिजली की दर में बढ़ोतरी, कर्जमाफी, फसल का मूल्य, 14 नवंबर को पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर सेमीनार व 15 नवंबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन सभा आयोजित करके डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।
इस मौके पर श्यामलाल शर्मा, पीसीसी सदस्य सुशील चौधरी, बाबू खान, राजेश पाल, अशोक जैन, महिपाल कौशिक, पुनीत शर्मा, रविंद्र आर्य, सचिन शर्मा, अश्वनी शर्मा, योगेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।