शामली। धूल भरी आंधी से आम व पापुलर के भारी संख्या में पेड़ गिर गए। आंधी से बागों में पेड़ों से आम झड़कर गिर गए हैं। गेहूं की कटी हुई फसल व भूसे को नुकसान पहुंचा है। बुधवार शाम आई आंधी से करनाल रोड स्थित चौधरी चंद्रवीर सिंह के बाग से आम की फसल को भारी क्षति पहुंची है।
बाग के ठेकेदार लियाकत अली ने बताया कि आम भारी संख्या में झड़कर गिर गए है। छोटे आमों को मंडी में आढ़ती लेने को तैयार नही होगा। कम दामों पर आमों को बेचने के लिए मजबूर होना पडे़गा। जिला उद्यान निरीक्षक सोमपाल सिंह मलिक ने बताया कि धूल भरी आंधी से 10 प्रतिशत तक आम की फसलों को नुकसान पहुंचा हैं। करनाल रोड पर टिटौली गांव के पास किसानों के खेतों व बागों में लगे पापुलर के पेड़ धराशायी हो गए। किसान कमलवीर सिंह का कहना है कि उनके गेहूं के खेत मे थ्रेसिग खत्म हो गई थी।
शामली/चौसाना। दोपहर तीन बजे धूल भरी आंधी चलने से शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। शाम साढ़े छह बजे के बाद शहर की बिजली आपूर्ति चालू हो पाई। विद्युत वितरण खंड के एसडीओ ब्रजमोहन का कहना है कि धूल भरी आंधी चलने और बूंदाबादी शुरू होने से शहर का बिजली फीडर को बंद कर दिया गया था।
अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रो में आंधी आने से ब्रेक डाउन हुए है। उधर, चौसाना में आंधी की वजह से टोड़ा, खोड़समा, सकौती, व दथेड़ा के जंगलों में पेड़ टूटकर गिर गए। आंधी की वजह से विद्युत लाइन टूट गई। जिससे पांथुपुरा, जिजौला, तहारपुर, भड़ी, लक्ष्मीपूरा, बल्लामाजरा, गढ़ी हसनपुर की सप्लाई बाधित हो गई। ब्यूरो