सात जगह चक्का जाम, यात्री परेशान
शामली। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू नेताओं और किसानों ने जिले में सात स्थानों पर चक्का जाम किया। जिस कारण यातायात व्यवस्था ठप हो गई। बस से सफर करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बनत में केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया। वहीं, बंद को व्यापारियों का समर्थन नहीं मिला और बाजार खुले रहे। चक्का जाम के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया।
गुरुद्वारे के सामने किसान यूनियन के अध्यक्ष सवित मलिक के नेतृत्व में चक्का जाम किया गया। इस दौरान गठवाला खाप के श्याम सिंह बहावड़ी, संजय कालखंडे, विपिन वाल्मीकि, जयपाल सिंह, हारून, अमित निर्वाल आदि मौजूद रहे। योजना आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. सुधीर पंवार भी धरनास्थल पर पहुंचे। विजय चौक पर कुलदीप पंवार के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। यहां सतपाल पहलवान, दीपक शर्मा, संजीव राठी, सतवीर मूंछ, रविंद्र राणा, योगेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।
बनत में गुड्डू मेंबर के नेतृत्व में रास्ता जाम किया गया। इस दौरान उधम सिंह, बिट्टू, संजीव, भूरा, अय्याज खान, बबलू आदि मौजूद रहे। बनत पुल पर रालोद छात्र सभा के जिलाध्यक्ष आर्यन चौधरी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया। इसके बाद रास्ता जाम कर किया गया। महासचिव कमल पंवार, जिला उपाध्यक्ष सुधीर राणा, आरिफ खान, सोनू कुमार, आमिर चौधरी, अजय कुमार, असजद चौधरी मौजूद रहे।
रोडवेज बसों का संचालन किया गया बंद
चक्का जाम के दौरान रोडवेज बसों का संचालन करीब तीन घंटे बंद रहा। जिसके चलते यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाहर से आ रही बसों को पुलिस ने शहर से बाहर ही रोक दिया। जिस पर यात्री बस से उतरकर पैदल ही मंजिल की ओर चलने का मजबूर हुए।
बंदियों के वाहनों को वापस लौटाया
गुरुद्वारे पर चक्का जाम के दौरान मुजफ्फरनगर जेल से बंदियों को लेकर कैराना कोर्ट जा रहे दो वाहन पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों वाहनों को निकलवाने के लिए कहा, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दोनों वाहनों को निकलने नहीं दिया। काफी देर की जद्दोजहद के बाद दोनों वापस लौट गए और वैकल्पिक मार्गों से कोर्ट पहुंचे।
डीएम-एसपी ने कोतवाली में किया कैंप
चक्का जाम के दौरान डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव जिले भर के हालातों पर नजर रखे रहे। दोनों ही अधिकारी इस दौरान कोतवाली में कैंप किए रहे और अधीनस्थों को दिशा-निर्देश देते रहे।
शामली विजय चौक पर टैक्टर पर बैठ कर धरने पर पहुचे किसान- फोटो : SHAMLI