शामली/चौसाना/झिंझाना। अवैध रेत खनन की जांच करने पहुंची सीबीआई टीम ने शुक्रवार को दिन भर यमुना नदी किनारे छानबीन की। झिंझाना और चौसाना क्षेत्र में कई स्थानों पर पहुंचकर खनन के बारे में जानकारी ली, तो बिडोली यमुना पुल चेकपोस्ट के पास बने रेत के स्टॉक का भी अभिलेखों से मिलान कराया। कुछ ग्रामीणों से भी टीम ने पूछताछ की, जिसमें लोगों ने स्पष्ट कहा कि अवैध रेत खनन धड़ल्ले से चल रहा है।
दो दिन से सीबीआई के एडिश्नल एसपी एनके पाठक, डिप्टी एसपी केपी शर्मा और पीसी वेदपाल सिंह अवैध खनन की जांच के सिलसिले में शामली में डेरा डाले हुए हैं। शुक्रवार को यह टीम झिंझाना थाना क्षेत्र में यमुना नदी किनारे के चौसाना, भड़ी, बल्हेडा, फतेहपुर, मंगलौरा आदि क्षेत्रों में घूमी। इन क्षेत्रों में आम दिनों में जमकर अवैध रेत खनन होता था, लेकिन सीबीआई टीम के आने के बाद एकाएक खनन बंद
हो गया।
उधर, दोपहर में सीबीआई टीम मेरठ-करनाल हाईवे पर बिडोली यमुना पुल चेकपोस्ट पर पहुंची। वहां चेकपोस्ट के पास ही रेत का स्टॉक लगा हुआ मिला तथा तीन पॉकलेन मशीनें तथा कुछ ट्रक खड़े मिले। सीबीआई टीम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से उक्त रेत के स्टॉक की जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि यह स्टाक कई साल से लगा हुआ है। खसरा खतौनी से रेत के स्टाक का मिलान भी कराया गया। करीब पांच बजे टीम शामली की तरफ लौट गई।
उधर, इस मामले के बारे में टीम प्रभारी एनके पाठक ने बताया कि अवैध खनन के बारे में यदि ग्रामीणों को कुछ बताना है, तो वह लिखित में भी दे सकते हैं। जांच पूरी होने पर रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की जाएगी। ग्रामीणों ने कहा, खूब हो रहा है खनन : बिड़ौली चेकपोस्ट के पास पहुंची सीबीआई टीम ने कुछ ग्रामीणों से भी सीबीआई टीम ने पूछताछ करते हुए कहा कि क्या यहां पर अवैध रेत खनन होता है, तो ग्रामीणों ने कहा कि खूब हो रहा है।
टीम ने पूछा कि कौन करा रहा है अवैध खनन, तो ग्रामीणों ने एक बसपा नेता का नाम भी लिया। इस पर टीम के प्रभारी ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार है, तो फिर यह गठजोड़ कैसे हो सकता है। इसके अलावा भी टीम ने ग्रामीणों से काफी देर तक खनन के मामले में पूछताछ की और अहम जानकारी जुटाई।
जब्त की गईं मशीनों से भी हो रहा था खनन
गत माह नौ फरवरी को एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी ने मंगलौरा में खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके से ट्रैक्टर ट्राली और तीन जेसीबी मशीन जब्त की थी। जेसीबी को कब्जे में लेने के लिये आदेश दिया था, लेकिन बृहस्पतिवार की रात भी उक्त मशीनें अवैध खनन में लिप्त पाई गईं। वहीं, इसके अलावा सूत्रों की मानें तो जेसीबी से रात में खनन हो रहा था और दिन में उसी स्थान पर ले जाकर जेसीबी को खड़ा कर दिया जाता था। हालांकि सीबीआई टीम के सामने प्रशासनिक अधिकारी इस बात से किनारा करते नजर आए।
रात में ढोया गया रेत
चौसाना क्षेत्र में भड़ी से रात में घोड़ा बुग्गी और भैंसा बुग्गी के जरिये अवैध खनन के रेत को ढोया गया। शुक्रवार सुबह जब जांच के लिए सीबीआई टीम के पहुंचने का मामला सुर्खियों में आया, तो चौसाना चौकी के पास बुग्गी खाली करा दी गई। वहीं, डायल 100 की भूमिका भी इसको लेकर संदेह के घेरे में आ रही है। क्योंकि प्रत्येक मार्ग पर डायल 100 लगी होती है, मगर खनन करने वालों की धरपकड़ नहीं होती।