अपने संसाधनों से परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थी
शामली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा देने के लिए ज्यादातर अभ्यर्थी बारिश की वजह से दूसरे जिलों से अपने संसाधनों से पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के वाहनों का जमावड़ा रहा। यूपी रोडवेज की बसों में मेरठ-सहारनपुर जिलों से करीब 500 अभ्यर्थियों ने ही निशुल्क यात्रा की।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 22-23 और 24 जनवरी को निशुल्क यात्रा की घोषणा की थी। परीक्षा की पहली पारी सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे और दूसरी पारी दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक निधार्रित की गई थी। रविवार सुबह आठ बजे जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया था। ज्यादातर परीक्षार्थी अपने बाइक, कारों जैसे संसाधनों से परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्र के आसपास वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। रविवार को सुबह और शाम के करीब 500 अभ्यर्थियों ने सहारनपुर-मेरठ की ओर से निशुल्क यात्रा की। शामली यूपी रोडवेज की बस अड्डे के केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा देने के लिए बहुत कम अभ्यर्थी बसों से आए। 500 अभ्यर्थियों में ज्यादातर मेरठ- सहारनपुर के थे।