पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में किया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की सोमवार को बैठक हुई। प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने सुभाष चौक स्थित प्रांतीय मुख्यालय पर हुई बैठक में बताया कि अब प्रदेशभर में मंडल स्तर पर व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष में कम से कम एक मंडलीय सम्मेलन आयोजित होगा। ऐसे में वर्ष भर में कम से कम 15 मंडलीय सम्मेलन आयोजित होंगे। जिससे हर मंडल के सभी जिलों के व्यापारी सक्रिय हो सकेंगे। मंडल के जिलों के व्यापारियों व पदाधिकारियों को सक्रिय होने का मौका मिलेगा। व्यापारी अपनी समस्याओं का समाधान भी करा सकेंगे। उन जिलों के व्यापारियों को सक्रिय करते हुए सदस्यता अभियान चला जाएगा। जिससे उन जिलों के व्यापारी आजीवन सदस्यता लेकर व्यापार मंडल में भागीदारी कर सकें। जुलाई में होने वाले सम्मेलन के लिए मंडल के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। जुलाई के बाद अगस्त में दूसरे मंडल में मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह शृंखला चलती रहेगी।
उन्होंने व्यापारियों के उत्पीड़न को लेकर कहा कि व्यापारी एकजुट रहेंगे तो कोई भी उनका उत्पीड़न करने का साहस नहीं कर पाएगा। व्यापारी उत्पीड़न करने वाले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। बताया कि अगस्त व सितंबर में प्रदेश दौरे का कार्यक्रम शुरू होगा। इसकी सूचना पूर्व में ही हर जिले को दे दी जाएगी। बैठक में नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष युवा ऋषभ जैन, नगर महामंत्री रवि संगल, महेश धीमान, राजेश संगल, राजेश जैन, अमित गर्ग, वैभव गोयल, शिवांक गर्ग, आशु पुरी, पवन गोयल, राजीव गर्ग आदि उपस्थित रहे।