शामली दिल्ली रोड पर आयोजित आम सभा व सम्मान समारेह में मंचासीन अतिथि।
- फोटो : SHAMLI
शामली। ईंट निर्माता समिति शामली की सभा शनिवार को शहर के दिल्ली रोड स्थित एक बैंकट हाल में हुई। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों के ईंट भट्ठा मालिकों ने भाग लिया। अखिल भारतीय ईंट निर्माता संघ के महामंत्री ओमबीर भाटी ने कहा कि बढ़ाई गई जीएसटी की दरों के साथ भट्ठों को नहीं चलाया जा सकता। यदि सरकार ने इसे वापस नहीं लिया तो आंदोलन होगा।
ओमबीर भाटी ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में जीएसटी काउंसलिंग की बैठक में भट्ठों पर जीएसटी की दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दी गई है, जो भट्ठा उद्योग पर बहुत बड़ा आघात है। एनसीआर में ईंट भट्ठे पहले ही पर्यावरण संबंधी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसे लेकर भट्ठा मालिकों ने अपने भट्ठों को जिगजैग हाईड्राफ्ट प्रणाली में परिवर्तित किया है। जिसमें 40 से 50 लाख रुपये खर्च करने पड़े। इससे भट्ठा मालिकों की पहले ही कमर टूट चुकी है।
ओमबीर भाटी ने कहा कि अखिल भारतीय ईंट निर्माता संघ उत्तर प्रदेश, ईंट निर्माता समिति जीएसटी बढ़ोत्तरी को पुरजोर तरीके से विरोध करती है।
इस दौरान ऑल इंडिया समिति एवं उत्तर प्रदेश ईंट निर्माता समिति के साथ मिलकर आंदोलन करने की रणनीति पर भी विचार विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी जनपदों मे बैठकें आयोजित कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। यदि सरकार ने इस पर विचार नहीं किया तो भट्ठा मालिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अतुल सिंह, रामकिशोर अग्रवाल गाजियाबाद, विक्रम राणा बागपत, प्रमोद गुप्ता, भूपेंद्र मलिक शामली, राजेंद्र तोमर, जावेद अहमद बिजनौर, प्रदीप गुप्ता हापुड़, वीर सिंह, सुनील गोयल, विजय गोयल, रविंद्र, जयकरण, कृष्णदत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।