शामली। टंकी रोड पर उपजिलाधिकारी शामली के आवास की दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि जब दीवार गिरी, तो वहां से कोई गुजर नहीं रहा था।
बाद में मजदूर लगाकर दीवार का मलबा रास्ते से हटवाया गया। हादसा मंगलवार सुबह हुआ। टंकी रोड पर नगरपालिका की आवासीय कालोनी है, जिसमें उपजिलाधिकारी सदर के अलावा अन्य कई प्रशासनिक अधिकारियों के आवास हैं। उसके बगल में ही कालोनी का रास्ता है। सुबह करीब सात बजे कालोनी के रास्ते की तरफ दीवार गिर गई।
उस रास्ते पर स्थित मकानों के बाहर वाहन भी खडे़ रहते हैं, लेकिन मंगलवार सुबह वहां कोई वाहन नहीं था। साथ ही लोगों की काफी आवाजाही भी रहती है। हादसे की वजह दीवार बेहद पुरानी और जर्जर हालत बताई जा रही है।