शामली। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए 22 और 23 अक्तूबर को मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान समस्त मतदान केंद्रों पर बीएलओ की तैनाती रहेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि विशेष अभियान में गैरहाजिर रहने वाले बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
मंगलवार शाम कैंप कार्यालय पर अधिकारियों के साथ मीटिंग में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एक जनवरी 2017 को 18 साल की आयु पूर्ण करने वाले हर युवा का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। जनपदवासियों से भी अपील की गई है कि 22 और 23 अक्तूबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म 6 भरवाएं।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि सहायक निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम और तहसीलदार अपने अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर भ्रमण कर बीएलओ और सुपरवाइजर के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। यदि कोई बीएलओ गैरहाजिर रहता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मीटिंग के दौरान अपर जिलाधिकारी भारतजी पांडेय के अलावा जिले के समस्त एसडीएम और तहसीलदार मौजूद रहे।
22 को आएंगे मंडलायुक्त
सहारनपुर मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण करने के लिए 22 अक्तूबर को शामली आएंगे। इस दौरान अधिकारियों के साथ मीटिंग भी करेंगे। मंडलायुक्त का कार्यक्रम आने पर जिला प्रशासन भी तैयारियों जुट गया है।