शामली। भाजू में कट के मुद्दे पर किसानों और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। जिसमें दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे पर निर्माण का रास्ता साफ हो गया। बुटराड़ा से मेरठ करनाल हाईवे तक सर्विस लेन, शामली- भौराकलां शाहपुर मार्ग के चौड़ीकरण समेत कई महत्वपूर्ण मांगों को पूरा कराने के आश्वासन दिया गया।
मंगलवार की शाम पांच बजे भाजू कट पर रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी और भाकियू के युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत समेत आसपास के किसानों की बैठक हुई। डीएम अरविंद चौहान , एसपी रामसेवक गौतम एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजू से बुटराड़ा और भाजू से मेरठ करनाल हाईवे तक 12 किमी लंबाई की सर्विस लेन बनाने, शामली भौराकलां मार्ग के दस मीटर चौड़ीकरण्करने , भाजू से मुंडभर होकर सिसौली तक डेढ़ किमी सड़क का निर्माण कराने के आश्वासन दिया।
सर्विस लेन समेत अन्य मांगों को पूरा होने पर भाकियू के युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने अपनी सहमति प्रकट की। विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन एवं किसानों के बीच आपसी सहमति के बाद दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे पर भाजू में अधूरा कार्य शुरु करने का रास्ता साफ हो गया है। प्राधिकरण एक्सप्रेसवे का कार्य कभी शुरु कर सकते हैं।
मौके पर बाबा रविन्द्र मलिक लांक, बाबा संजीव मलिक हसनपुर ,किसान यूनियन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत, भाकियू के जिलाध्यक्ष शांता प्रधान, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य वीर सिंह मलिक, बोबी प्रधान, एसडीएम सदर विनय भदौरियां मौजूद रहे। विदित है। पिछले एक डेढ़ साल से भाजू कट को लेकर भाकियू ने दिल्ली- देहरादून हाईवे पर कार्य रुकवा दिया था। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पांच बार पंचायत कर चुके थे।