शामली। मुख्य विकास अधिकारी यशु रूस्तगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के संबंध में प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान कर्मिकों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र में ध्यानपूर्वक चुनाव आयोग के निर्देशों के बारे में जानकारी कर लें, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आने पाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अपने कार्यालय अध्यक्ष के में संपर्क में रहें। जिससे द्वितीय प्रशिक्षण एवं प्रस्थान की जानकारी हो सके। पीठासीन अधिकारियों को मतदान की पूर्व संध्या पर निर्धारित समय पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल पर पहुंचना है।
अपने अपने मतदान स्थल से संबंधित काउंटर से अपने बूथ की ईवीएम, निर्वाचन नामावली, टेंडर, बैलेट पेपर, ग्रीन पेपर सील, मतदाता रजिस्टर, मतपत्र लेखा एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्राप्त कर लें। कहा कि ईवीएम बिंदुओं में देख लंे कि प्राप्त बैलेट यूनिट तथा कंट्रोल यूनिट, आपके मतदय स्थल एवं बूथ की ही है।
द्वितीय रेडमाईजेशन के बाद संबंधित बूथों के लिए आरक्षित बैलेट यूनिट तथा कंट्रोल यूनिट के नंबरों का समय मिलान कर लें। कंट्रोल यूनिट का प्रत्याशी सेक्शन अच्छी तरह से सील हो। पते का फीता सही लगा हो, कंट्रोल यूनिट की बैट्री हाईपेजिशन पर हो। कंट्रोल यूनिट के निरीक्षण के बाद बैट्री को ऑफ कर दें।
बैलेट यूनिट अच्छी प्रकार से सील हो और पता फीता ठीक प्रकार से लगा दें। समुचित मतपत्र प्रत्येक बैलेट यूनिट से लगा हो और मतपत्र उचित रूप से क्रमबद्ध हों। बैलेट यूनिट में स्लाइट स्विच सही स्थान पर लगा हो। इस दौरान डीडीओ बलराम कुमार, अजय बाबू आदि पीठासीन अधिकारी एवं सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।
चेकिंग में गंभीरता बरतें उड़नदस्ते
शामली। विधानसभा चुनाव के सिलसिले में उपजिला निर्वाचन अधिकारी भरतजी पांडेय ने उड़न दस्तो के सदस्यों की मीटिंग ली। उन्होंने कहा कि वाहनों की चेकिंग करते समय आचार संहिता का पालन करें। किसी गाड़ी में 10 हजार रुपये से अधिक की चुनाव सामग्री या 50 हजार रुपये अधिक नकदी मिलती है, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया जाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीटिंग के दौरान भरतजी पांडेय ने कहा कि राजनैतिक दल का स्टार प्रचारक एक लाख रुपये तक की धनराशि अपने साथ लेकर चल सकता है। एक लाख से अधिक धनराशि लेकर चलता है तो वह भी जब्त कर ली जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारी एवं मजिस्ट्रेटों से कहा कि वाहनों की चेकिंग गंभीरता से कराई जाए। वाहनों में अवैध हथियार, वितरण के लिए किसी प्रकार के उपहार सामग्री मिलती है, तो तत्काल जब्त कर लें। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी एसके गौतम तथा अन्य टीमों के सदस्य उपस्थित रहे।
बताया कि नामांकन करने के दौरान समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में चलने के लिए भी अनुमति लेनी होगी। राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को नामांकन करने के लिए पांच व्यक्तियों से ज्यादा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशी के साथ में प्रस्तावक, अभिकर्ता परामर्शदाता सहित पांच व्यक्ति ही नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे।
विधानसभा चुनाव का वोटिंग प्रतिशत बढ़ाया जाएगा
शामली। लोकसभा चुनाव से अधिक विधानसभा चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी जनपद स्तर पर बैनर, पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, मतदाता जागरूकता रैली निकालकर वोटरों को जागरूक करके मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत कराए जाने का संकल्प दिलाया गया।
सोमवार को विधानसभा चुनाव 2017 के प्रथम चरण में होने वाले चुनाव की तैयारियों के संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त उमेश सिंहा ने जिलाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। दो घंटे चली वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद डीएम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त उमेश सिंहा ने लोस चुनाव से ज्यादा विधानसभा चुनाव का वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि कैराना लोकसभा चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 71.2 प्रतिशत था।
इस बार विधानसभा चुनाव का मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक तक कराए जाने के लिए जिले में मतदान से संबंधित पोस्टर, बैनर नुक्कड़ नाटक, मतदाता जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। तहसील, जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने बताया कि कलक्ट्रेट मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 11 फरवरी को ज्यादा से मतदान करने के लिए एक बोर्ड लगाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया रहा है।