शामली। बैंक शाखाओं से कैश न मिलने के कारण हंगामे का दौर सोमवार को भी जारी रहा। शहर के कई बैंक शाखाओं पर हंगामा हुआ, तो गढ़ीपुख्ता में पीएनबी शाखा पर गुस्साई महिलाओं ने हंगामा करते हुए बैंक कर्मियों पर चूड़ियां तक फेंक दीं। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर हंगामा शांत कराया।
सोमवार सुबह बैंक शाखाएं खुलने से पहले ही ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। शहर के माजरा रोड स्थित आंध्रा बैंक शाखा पर सुबह छह बजे से ही महिला और पुरुषों की भीड़ लग गई थी। 10 बजे बैंक शाखा खुलने पर कैश लेने के लिए आपाधापी मच गई। उधर, एमएसके रोड स्थित यूनियन बैंक शाखा और वर्मा मार्केट स्थित सर्वयूपी ग्रामीण बैंक शाखा पर दोपहर में जबरदस्त भीड़ होने के कारण जमकर हंगामा हुआ।
ग्राहकों का आरोप था कि बैंक कर्मी कैश देने में मनमानी कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा करने वालों को समझा बुझाकर शांत किया। उधर, गढ़ीपुख्ता कस्बे में पीएनबी बैंक शाखा पर सुबह से ही महिला और पुरुषों की भीड़ कैश लेने के इंतजार में लगी थी। दस बजे बैंक शाखा खुलने पर बैंक कर्मियों ने इक्का दुक्का ग्राहकों को कैश देना शुरू किया। ग्राहकों का आरोप था कि उन्हें 10 हजार रुपये के स्थान पर सिर्फ दो हजार रुपये ही दिए गए।
इसको लेकर महिलाओं में गुस्सा भड़क गया। महिलाओं ने नारेबाजी के साथ हंगामा करते हुए बैंक की खिड़की से बैंक कर्मियों पर चूड़ियां फेंकनी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख बैंक कर्मियों ने बैंक का गेट बंद करा दिया और पुलिस को सूचना दी। गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद बैंक कर्मियों से बातचीत करके बैंक का गेट खुलवाया। तब जाकर कैश वितरण शुरू हो सका।