कैराना में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करती डीएम जसजीत कौर।
- फोटो : SHAMLI
दो दिन में कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाएं हो दुरुस्त : डीएम
कैराना। डीएम जसजीत कौर ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दो दिन में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
सावन माह की कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरू हो रही है। मंगलवार दोपहर डीएम जसजीत कौर ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। कस्बा कैराना में कांधला तिराहे पर पहुंचकर उन्होंने पालिका की तरफ से की गई तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने पीयूष आश्रम, पब्लिक इंटर कॉलेज, शामली बस स्टैंड, कांधला तिराहा व तितरवाड़ा चुंगी पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, निगरानी टावर बनवाने तथा सभी शौचालयों की साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कांवड़ियों के लिए पानी की व्यवस्था के लिए टैंकर की व्यवस्था, मार्ग पर बंद पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम गांव मवी अहतमाल तिमालती स्थित कांवड़ मार्ग पर पहुंची। वहां गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए बंद पड़े नाले की साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने ग्राम पंचायत के माध्यम से नाले की साफ-सफाई कराने की बात कहीं। यमुना ब्रिज स्थित नवनिर्मित फोरलेन पुल पर पहुंचकर जिलाधिकारी ने यमुना नदी के किनारे चेंजिंग रूम व महिला शौचालयों की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने अधिकारियों को दो दिन में कांवड़ मार्ग पर गड्ढे भरने, लाइट, पानी, साफ-सफाई समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। इस दौरान एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम शिव प्रकाश यादव व खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।